हरियाणा में 15 जून से SIR शुरू, 20 629 BLO घर घर जाकर करेंगे वोटर वेरिफिकेशन
चंडीगढ़: चुनाव निवार्चन आयोग की ओर से देश के 16 राज्यों में और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। इसके तहत हरियाणा में गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होने वाला है जिसके लिए 20,629 बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) की नियुक्ति की गई है। हरियाणा में ये अधिकारी 15 जून से 14 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्रित करेंगे। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया के अंतर्गत मृत मतदाताओं के नाम सूचियों से हटाए जाएंगे। डुप्लीकेट वोट काटे जाएंगे। स्थान बदल चुके मतदाताओं का सत्यापन होगा।
हरियाणा में SIR का पूरा कार्यक्रम
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि हरियाणा में एसआइआर प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। पांच जून से 14 जून तक अधिकारियों-कर्मचारियों की ट्रेनिंग और वोटर लिस्ट प्रिंटिंग का काम होगा। 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। 14 जुलाई को पोलिंग स्टेशनों का रेशनलाइजेशन होगा। 21 जुलाई को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 21 जुलाई से 20 अगस्त तक लोग नए नाम जोड़ने, नाम हटाने और सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे। नया नाम जोड़ने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा सुधार के लिए फार्म-8 भरना होगा। दावों और आपत्तियों पर इआरओ और एइआरओ सुनवाई कर फैसला लेंगे। 22 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
25 हजार कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
जानकारी के लिए आपको बता दें कि हरियाणा में 20 हजार से अधिक बूथ केंद्र हैं। इन तमाम बूथों पर मतदाता सूचियों का गहन सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए करीब 25 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। बीएलओ (बूथ लेवल आफिसर) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। हर वोटर के एड्रेस, पहचान और पात्रता की जांच होगी। इस दौरान राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी सक्रिय रहेंगे। गांवों से लेकर शहरों तक हर बूथ पर राजनीतिक गतिविधियां अधिक तेज होने की संभावना है।
