सैनी सरकार का सख्त कदम: 4 डॉक्टर हुए निलंबित

 
 सैनी सरकार का सख्त कदम: 4 डॉक्टर हुए निलंबित

 चंडीगढ़: हरियाणा में सैनी सरकार ने प्रदेश में बिगड़ते लिंगानुपात को सुधारने और अवैध भ्रूण लिंग जांच पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। लिंगानुपात को सुधारने और अवैध भ्रूण लिंग जांच पर रोक लगाने  से संबंधित प्रभावी निगरानी और कार्यान्वयन उपायों को सुनिश्चित करने में विफलता पर कार्रवाई की गई। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए 3  सीनियर मेडिकल ऑफिसर और एक मेडिकल अफसर निलंबित कर दिए है। स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा द्वारा ये कड़ी कार्रवाई करते हुए आदेश जारी किए गए है।

लिंग अनुपात उपायों को सुनिश्चित करने में विफल

निलंबित अधिकारियों में सोनीपत के सीएचसी पुरखास में तैनात वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. टीना आनंद, यमुनानगर के सीएचसी रादौर के एसएमओ डॉ. विजय परमार, रोहतक के सीएचसी चिड़ी के एसएमओ डॉ. सतपाल तथा नारनौल के सीएचसी सेहलंग की मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रभा शामिल हैं। इन चिकित्सक अधिकारियों पर लिंग अनुपात में सुधार से संबंधित उपायों को सुनिश्चित करने में विफल रहने पर गाज गिरी है। 

स्वास्थ्य विभाग ने इन अधिकारियों के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-7 के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों का प्रदर्शन निराशाजनक था और प्रदेश में लिंगानुपात सुधारने से जुड़े उपायों को क्रियान्वयन करने मेंं विफल रहे है।