रेवाड़ी नागरिक अस्पताल में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को देख भड़के NHM, अस्पताल प्रशासन को लगाई जमकर फटकार
रेवाड़ी: हाल ही में NHM डायरेक्टर वीरेंद्र यादव रेवाड़ी नागरिक अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। इस दौरान अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और विभिन्न स्तरों पर मिली खामियों को देखकर एनएचएम डॉयरेक्टर भड़क उठे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। इसके साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
अस्पताल की सफाई व्यवस्था से भी नाराज दिखे NHM डायरेक्टर
एनएचएम डॉयेक्टर निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सफाई व्यवस्था को देखकर भी नाराज हो गए। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि कहा कि मरीजों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण देना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गायनी वार्ड के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। यहां गर्भवती महिलाओं का नियमित ब्लड प्रेशर तक चेक नहीं किया जा रहा था। केवल इतना ही नहीं, 56 गर्भवती महिलाओं की यूरिन जांच में प्रोटीन मिलने के बावजूद उनकी उचित ट्रैकिंग और निगरानी नहीं किए जाने पर डायरेक्टर ने संबंधित स्टाफ को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने इसे बेहद गंभीर लापरवाही बताते हुए तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
अस्पताल में अनुशासन और पेशेवर व्यवहार की कमी
निरीक्षण के दौरान डॉयेक्टर को ओपीडी में एक डॉक्टर निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने के बजाय ट्रैकसूट में मिला। इस पर भी डायरेक्टर ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि अस्पताल में अनुशासन और पेशेवर व्यवहार हर हाल में बनाए रखना होगा। निरीक्षण के दौरान 300 बेड के नए अस्पताल निर्माण कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते गायनी वार्ड को जल्द ही दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
