गुरुग्राम के अंतरिक्ष सोसाइटी के फ्लैट में लगी भीषण आग
गुरुग्राम: रविवार को गुरुग्राम के सेक्टर 84 में स्थित अंतरिक्ष सोसाइटी के 'एसी टावर' के नौवें फ्लोर पर स्थित फ्लैट नंबर 902 में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे के दौरान फ्लैट में रहने वाला परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था। लेकिन घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
आगजनी की इस घटना ने सोसाइटी के फायर सेफ्टी की पूरी पोल खोलकर रख दी। जैसे ही आग लगी तो स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया तो पता चला कि सोसाइटी के फायर सेफ्टी संसाधन स्टोर रूम में बंद पड़े थे।
स्टोर रूम की चाबी ना मिलने के कारण समय पर आग पर नहीं पाया गया काबू
सबसे बड़ी लापरवाही उस वक्त उजगर हुई जब उस स्टोर रूम की चाबी वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों के पास न होकर, हेड ऑफिस में रखी हुई थी। चाबी न मिलने के कारण शुरुआती और कीमती समय में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। फायर कर्मियों ने बड़ी मुश्किलों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
फ्लैट में रखा सारा सामान जलकर हुआ राख
अंतरिक्ष सोसायटी निवासी आशीष राव ने बताया कि नौवीं मंजिल के 902 फ्लैट नंबर पर अचानक आग लग गई। उस वक्त घर बंद था। आशंका है कि शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगी और फिर पूरे घर में फैल गई। घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत अन्य सामान जल गया।
