प्यार, धोखा और मर्डर: पति ने लिव इन पार्टनर के साथ मिलकर पत्नी का किया मर्डर
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम शहर से प्यार, धोखा और मर्डर का मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी लिव इन पार्टनर के साथ मिलकर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शख्स अपनी पार्टनर सहित बच्चे को लेकर लेकर मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, काफी लंबे वक्त से आरोपी शख्स और उसकी लिव इन पार्टनर का पत्नी से विवाद चल रहा था। चल रहे इस विवाद की वजह से शख्स ने अपनी लिव इन पार्टनर के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश को अंजाम दिया। दोनों ने मिलकर पहले महिला की कनपटी पर अवैध हथियार सटाकर एक के बाद एक दो गोलियां मार दीं। इस घटना में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हत्या के बाद सनसनी फैलने के डर से आरोपियों ने शव को घर के ही बाथरूम में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया ताकि किसी को तुरंत भनक न लग सके।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति, अपनी लिव-इन पार्टनर और मासूम बच्चे को साथ लेकर घर से फरार हो गया। सोसाइटी और आस-पास के इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज में आरोपी बड़ी जल्दबाजी में बच्चे का हाथ पकड़कर भागते हुए कैद हुए हैं। पुलिस ने इन फुटेजों को अपने कब्जे में ले लिया है।
आसपास के लोगों के द्वारा सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर शव को बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे अवैध संबंधों और पारिवारिक कलह का मामला मान रही है।
