हरियाणा में भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी, दोपहर में लोगों को घर से बाहर ना निकलने की हिदायत
Haryana Heat Wave Alert: इन दिनों समस्त उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसा लग रहा है मानो आसमान से आग बरस रही है। बिहार, झारखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश सहित तमाम राज्यों में गर्मी ने हाल बेहाल कर रखा है। हरियाणा में हीटवेव और गर्मी ने लोगों को बहुत परेशान कर रखा है। गर्मी के कारण हाहाकार मचा हुआ है।
मौसम विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, अभी लोगों को गर्मी से बिल्कुल भी राहत नहीं मिलने वाली है। प्रदेश के 5 जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। रोहतक हरियाणा में सबसे गर्म जिला रहा। बीते दिन यहां 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 26 मई तक हरियाणा में हीटवेव और गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। प्रदेश के तमाम जिलों में तापमान 42 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। वहीं भिवानी में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक हिसार में 45.3, नारनौल में 45, सिरसा में 46.4, फरीदाबाद में 46, जींद में 45.2 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को बिना किसी जरूरी काम दोपहर के समय घर से बाहर निकलने के लिए मना किया है। जितना हो सके इस मौसम में अधिक से अधिक पानी पियें। रसदार फल और नारियल पानी का सेवन करें। लोग हल्के सूती कपड़े पहने और सिर ढककर बाहर निकलें। किसानों को फसलों में सिंचाई शाम या सुबह के समय करने की सलाह दी।
