हरियाणा में अब 45 साल से अधिक के पुलिसकर्मी नाकों पर नहीं करेगें ड्यूटी
Haryana Police: फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र में रात में ड्यूटी के दौरान एक ASI की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद हिसार रेंज पुलिस प्रशासन ने पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। हिसार रेंज के ADGP केके राव की ओर से तमाम जिला पुलिस अधीक्षकों (SP) को एडवाइजरी जारी की गई है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि 45 साल से अधिक उम्र के पुलिस कर्मचारियों को नाकों और ट्रैफिक प्वाइंट की ड्यूटी से हटाने के निर्देश दिए हैं। आदेश जारी होने के बाद जिला पुलिस ने ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अगले दो दिनों में ड्यूटी में बदलाव कर दिया जाएगा।
सुबह 11 से शाम 4 बजे तक नाके हटाए जायेंगे
ADGP की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि इस अभी पड़ रही भंयकर गर्मी के दौरान लंबे वक्त तक नाकाबंदी करने से पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नाके पर लगातार तीन घंटे से अधिक ड्यूटी न लगाई जाए। यदि कोई विशेष अलर्ट या घटना नहीं हो तो सुबह 11 से शाम 4 बजे तक नाके हटाए जा सकते हैं।
एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि 45 वर्ष से अधिक आयु वाले पुलिस कर्मचारियों को अब थाना, चौकी और कार्यालय स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्हें फील्ड में लंबे समय तक खड़े रहने वाली ड्यूटी से राहत दी जाएगी। पुलिस विभाग का मानना है कि इससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकेगा।
पत्र में पुरानी घटना का उल्लेख
जारी इस पत्र में 12 मई को फतेहाबाद में हुई घटना का भी उल्लेख किया गया है। आपको बता दें कि सरदूलगढ़ नाके पर ड्यूटी के दौरान ASI जगदीशचंद्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। ड्यूटी के दौरान गिरने से उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
