Haryana News: हरियाणा में HAU के रजिस्ट्रार और चीफ सिक्योरिटी अफसर सहित 8 पर केस दर्ज, जानें क्या है मामला

 
Haryana News: सिविल लाइन पुलिस ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार पवन कुमार और चीफ सिक्योरिटी अधिकारी सुखबीर सहित आठ पर केस दर्ज किया है। यह केस घायल छात्रों की शिकायत पर दर्ज किया गया है, ​जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्रों का आरोप है कि देर रात एचएयू के अधिकारियों व ​सुरक्षा गार्डों ने उन पर लाठीचार्ज करके उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने रजिस्ट्रार पवन कुमार, मुख्य सुरक्षा अधिकारी सुखबीर सिंह, प्रोफेसर राधेश्याम मांझू के अलावा सुरक्षा गार्ड विजेन्द्र, अनूप, जगमेश पूनिया, नरेन्द्र व सुमन के खिलाफ यह केस दर्ज किया है। इस संबंध में झज्जर जिले के भागलपुरी निवासी छात्र दीपांशु ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार मंगलवार को सुबह लगभग 10.30 बजे हम छात्र व छात्राएं कुलपति कार्यालय के समक्ष छात्रवृति घटाने व एलडीवी की सीटें घटाने व छात्रों कि फीस बढाने कि मांगो को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से बैठे हुये थे। उसी समय एचएयू के सुरक्षा गार्ड बिजेन्द्र, अनूप, जगमेश पूनिया, नरेन्द्र व महिला गार्ड सुमन ने मिलकर छात्र व छात्राओं पर हमला किया। इस हमले में हमारे छात्रों आनंद, जतिन व मोहित को काफी गंभीर चोटें लगी। फिर रात लगभग सवा 10 बजे हम सभी छात्र हमारे कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज के आवास के पास शांतिपूर्ण ढंग से बैठे थे। उसी समय कुलपति की गाड़ी आई और उनके आदेश की पालना करते हुये रजिस्टार पवन कुमार ने प्रोफेसर राधेश्याम मांझू, सीएसओ सुखबीर सिंह और एचएयू के सुरक्षा गार्डों ने उनके उपर लाठी डंडो से हमला किया और पवन कुमार रजिस्टार ने अपने हाथ में लिया हुआ डंडा शिकायतकर्ता की कोहनी के पास मारा। प्रोफेसर राधेश्याम मांझू ने उसके सिर पर डंडा मारा। इस घटना में हमारे साथी छात्रों चकसु, निखिल, राहुल, मोहित कुमार, विक्रम व अन्य छात्रों काफी गंभीर चोटें लगी है। छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके उपर जान से मारने की नीयत से हमला किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।