हरियाणा ITI एडमिशन का शेड्यूल जारी, 2 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन एडमिशन
Haryana ITI Admission 2026: हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने ऑफिशियल तौर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के नए शैक्षणिक सत्र में एडमिशन के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। 2 जून से एडमिशन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोल दिया जाएगा। इस पोर्टल पर अभियर्थी 15 जून तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। विभागीय अधिकारियों के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस बार पूरी एडमिशन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल मोड पर शिफ्ट कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को तपती गर्मी में लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा और वे घर बैठे ही आसानी से आवेदन कर सकेंगे।
नोडल संस्थान के 1468 सीटों पर एडमिशन
तोशाम रोड में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नोडल अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि इस बार अकेले उनके संस्थान में ही विभिन्न इंजीनियरिंग और नॉन-इEngineering कोर्सेज के तहत कुल 1468 सीटों पर दाखिले किए जाने हैं। इस बार पारंपरिक कोर्सेज जैसे इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, प्लंबर और मैकेनिक डीजल के साथ-साथ बाजार की मांग को देखते हुए नए जमाने के तकनीकी ट्रेड्स को भी शामिल किया गया है। इनमें ड्रोन टेक्नीशियन, सोलर टेक्नीशियन, वेयरहाउस टेक्नीशियन और मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) जैसे आधुनिक कोर्स मुख्य आकर्षण हैं। इसके अलावा नॉन-इंजीनियरिंग में कोपा और स्टेनोग्राफी जैसे विकल्प भी खुले रहेंगे।
पढ़ाई के साथ-साथ इंडस्ट्री में काम करने का अनुभव
इस बार कई महत्वपूर्ण ट्रेड्स को 'ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग' (DST) के तहत चलाया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सीधे इंडस्ट्री में काम करने का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा। दाखिले के नोडल अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करते समय विद्यार्थियों को अपनी 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, परिवार पहचान पत्र (PPP), पहचान पत्र, बैंक खाता विवरण, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि फॉर्म भरते समय किसी भी तकनीकी त्रुटि से बचने के लिए वे इन सभी कागजात को पहले से ही दुरुस्त करवा लें।
आईआईटी परिसरों में विशेष हेल्प डेस्क
प्रशासन ने उन विद्यार्थियों का भी विशेष ध्यान रखा है जिनके पास घर पर कंप्यूटर या इंटरनेट की बेहतर सुविधा नहीं है। इसके लिए आईटीआई परिसरों में विशेष 'हेल्प डेस्क' स्थापित किए जा रहे हैं, जहां तैनात स्टाफ छात्रों के फॉर्म भरने और सही ट्रेड का चयन करने में मुफ्त मदद करेगा। विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे सर्वर पर लोड बढ़ने या आखिरी तारीख के इंतजार में बैठे रहने के बजाय समय रहते अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि मेरिट सूची में उनका नाम आने में कोई परेशानी ना हो।
