हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं को मुफ्त में बांटे जायेंगे  सेनेटरी पैड

 
 हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं को मुफ्त में बांटे जायेंगे  सेनेटरी पैड

 चंडीगढ़: हरियाणा सरकार प्रदेश की महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ी पहल की शुरूआत करने जा रही है। अब आर्थिक रुप से कमजोर किशोरियों और महिलाओं को सरकार की ओर से मुफ्त सेनेटरी पैड दिए जायेंगे। 

योजना का लाभ उठाने के लिए 20 मई तक कर सकती हैं आवेदन  

इस योजना के तहत 10 साल की छोटी बच्चियों से लेकर 45 वर्ष तक महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी पैड  की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित पोर्टल पर 20 मई तक आवेदन कर सकती हैं। नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र से भी योजना की जानकारी और सुविधाएं प्राप्त की जा सकती है।

प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर गंभीर है। स्वच्छता, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ निशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार और सामाजिक रूप से सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम

सरकार के द्वारा उठाया गया यह कदम महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार और उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करना है। सरकार की इस योजना के जरिए महिलाओं के स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास सुनिश्चित किए जायें।