हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, अब हर किसी को आसानी से मिलेगा राशन
चंडीगढ़: हरियाणा में मुफ्त राशन वितरण प्रणाली को सरल बनाने के लिए नायब सरकार ने काम तेजी से करना शुरू कर दिया है। सरकार द्वारा उठाए इस कदम का उद्देश्य बीपीएल (BPL) राशन कार्ड धारकों को उनका राशन सही समय पर मिल सके। साथ ही उनके साथ किसी भी तरह की धांधली ना हो सके। सरकार के द्वारा प्रदेश में तमाम डिपो संचालकों को 5-G OPS मशीन के साथ डिजिटल कांटा दिया जा रहा है।
राशन का वजन पूरा होने पर ही राशन कार्ड धारकों की स्कैनिंग
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राशन डिपो में राशन तौलने वाले मशीन और कांटा एक दूसरे से कनेक्ट होंगे। राशन का वजन पूरा होने पर ही राशन कार्ड धारक की स्कैनिंग हो सकेगी। POC मशीन पर कार्डधार की फिंगर की जगह आई स्कैनिंग की व्यवस्था रहेगी। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के सभी डिपो पर 15 जून तक नई मशीनें पहुंच जाएंगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों तथा डिपो संचालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आपको बता दें कि वर्तमान समय में प्रदेश में 9,247 राशन डिपो हैं। डिपो से 40.69 लाख BPL कार्ड धारक राशन ले रहे हैं। प्रदेश सरकार अब चार हजार से अधिक नए डिपो भी खोलने जा रही है, जिससे पात्र लोगों को घर से अधिक दूर राशन लेने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। लगभग 500 मीटर के दायरे पर ही डिपो की सुविधा होगी।
नेटवर्क के चलते घंटों तक रहती थी समस्या
इससे पहले प्रदेश के तमाम राशन डिपो संचालकों के पास जो मशीन उपलब्ध थी वह 2-G सिस्टम युक्त थी। इसकी वजह से नेटवर्क की समस्या रहती थी और लोगों को राशन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। बुजुर्ग लोगों की उंगलियों की रेखाएं मिट जाने की वजह से फिंगर प्रिंट की भी समस्या आ रही थी। ऐसे में लोगों की यह शिकायत रहती थी कि राशन डिपो संचालक कम राशन देता है। खाद एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि नई मशीन और डिजिटल कांटा इस तरह की समस्या दूर कर देगा।
