हरियाणा में 450 डॉक्टरों का भर्ती परिणाम हुआ जारी, जल्द संभालेंगे अपना कार्यभार
चंडीगढ़: हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की ओर से 450 डॉक्टरों की भर्ती का परिणाम जारी कर दिया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 895 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को 3 और 4 जून को पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बायोमेट्रिक और दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है।
अभियर्थी अपने साथ मूल दस्तावेज लेकर जरूर आयें
स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि सभी अभियर्थी अपने साथ सभी मूल दस्तावेज, दो पासपोर्ट साइज फोटो और प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से लेकर आएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर बायोमीट्रिक और दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवारों को आगे कोई अवसर नहीं दिया जाएगा और उनका चयन स्वतः निरस्त माना जाएगा। इस संबंध में किसी भी तरह की बातचीत को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
चयनित अभियर्थियों की जल्द होगी नियुक्ति
बता दें कि चयनित अभ्यर्थियों का चयन विज्ञापन में निर्धारित चयन मानदंडों के आधार पर मेडिकल ऑफिसर पद के लिए किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित डॉक्टरों की जल्द नियुक्ति की जाएगी।
