डॉ. जयदीप आर्य ने बताया ‘वाई-ब्रेक’ का महत्व, सीट पर बैठे-बैठे भी कर सकते हैं योग
चंडीगढ़, 13 अक्टूबर-हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री मुकेश गर्ग ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि व्यक्ति की मानसिक क्षमता, एकाग्रता और कार्यकुशलता भी बढ़ाता है। नियमित योग करने से व्यक्ति अधिक ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकता है। इससे कार्यक्षमता बढ़ने के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता में भी सुधार होता है।
श्री मुकेश गर्ग मंगलवार को पंचकूला में आयोग कार्यालय में आयोजित योग ओरिएंटेशन कार्यक्रम के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में आयोग के सदस्य श्री शिव कुमार, सचिव श्री प्रशांत देष्टा सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने योग के व्यावहारिक महत्व की जानकारी देते हुए विशेष रूप से ‘वाई-ब्रेक’ यानी योग ब्रेक पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक लगातार बैठकर काम करने वाले अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में अपनी सीट पर बैठे-बैठे भी कुछ मिनट निकालकर योग कर सकते हैं। इसके लिए किसी विशेष स्थान या अधिक समय की आवश्यकता नहीं होती। कार्य के बीच थोड़े समय का योग भी शरीर को सक्रिय रखने, मन को शांत करने और तनाव कम करने में सहायक हो सकता है।
डॉ. आर्य ने मौके पर ही अधिकारियों और कर्मचारियों को वाई-ब्रेक की विभिन्न गतिविधियां करवाकर उनका अभ्यास कराया। उन्होंने समझाया कि कार्यालय की व्यस्त दिनचर्या में छोटे-छोटे योग अभ्यास शामिल करके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा सकता है। वाई-ब्रेक का उद्देश्य काम के बीच छोटा-सा विराम लेकर शरीर और मन को नई ऊर्जा देना है, ताकि व्यक्ति अधिक एकाग्रता और उत्साह के साथ दोबारा काम कर सके।
कार्यक्रम की शुरुआत टीवी स्क्रीन पर योग से संबंधित लघु वीडियो दिखाकर की गई। इसके बाद डॉ. आर्य ने विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया और बताया कि योग किस प्रकार तन और मन के बीच संतुलन स्थापित करने में मदद करता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की प्राचीन विधा योग आज विश्वभर में लोकप्रिय हो रही है। लोग शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन के लिए योग अपना रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित योग तथा वाई-ब्रेक को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. आर्य ने कार्यवाहक अध्यक्ष श्री मुकेश गर्ग और सदस्य श्री शिव कुमार को योग सामग्री भेंट की। वहीं, श्री गर्ग ने डॉ. आर्य को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
फोटो कैप्शन: हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य, एचईआरसी के कार्यवाहक अध्यक्ष मुकेश गर्ग और सदस्य शिव कुमार को योग सामग्री भेंट करते हुए।
