मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 फेज 3 के तहत झज्जर में 273 पात्र परिवारों को प्लॉट आवंटित

 
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 फेज 3 के तहत झज्जर में 273 पात्र परिवारों को प्लॉट आवंटित
झज्जर, 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 के तीसरे चरण के अंतर्गत जिला झज्जर के चयनित 06 गांवों में पात्र परिवारों को सोमवार को प्लॉट आवंटित किए गए। इस संबंध में ड्रॉ का आयोजन सोमवार को नेहरू कॉलेज, झज्जर स्थित सभागार में दोपहर 12 बजे किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास की अध्यक्षता में आयोजित इस ड्रॉ प्रक्रिया को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न किया गया।
ड्रॉ में खण्ड बादली के गांव गोयला कलां (68) व लुकसर (41), खण्ड बेरी के गांव बाकरा (34) व सिवाना (16) तथा खण्ड झज्जर के गांव बिरधाना (57) व उखलचना (57) को शामिल किया गया। इस प्रकार कुल 273 पात्र परिवारों को प्लॉट आवंटित किए गए।
योजना के तहत पात्र परिवारों को सरकार द्वारा निर्धारित मानदंडों के आधार पर प्लॉट प्रदान किए गए हैं, जिससे उन्हें अपना आवास बनाने का अवसर प्राप्त होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त श्री जगनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय सुविधाओं का विस्तार कर पात्र परिवारों को अपना घर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्लॉट आवंटन से लाभार्थियों को अपने सपनों का घर बनाने की दिशा में सशक्त आधार मिला है।
उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए आह्वान किया कि वे योजना का पूर्ण लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं। साथ ही एचएसवीपी एवं प्रशासनिक टीम द्वारा पारदर्शी व तकनीकी रूप से सक्षम प्रक्रिया के सफल आयोजन के लिए सराहना भी की।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, डीडीपीओ निशा तंवर, बीडीपीओ राजाराम, परियोजना अधिकारी लखविंदर सिंह, पीओ अनिल नैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।