55 लाख की रिश्वत मांगते दो GST अधिकारी गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई

 
55 लाख की रिश्वत मांगते दो GST अधिकारी गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई
 

गुजरात के नडियाद में एंटी-करप्शन ब्यूरो ने केंद्रीय जीएसटी विभाग के दो उच्च अधिकारीयों को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर एक जब्त किए गए ट्रांसपोर्ट वाहन को छोड़ने के बदले 55 लाख रुपये की रिश्वत की मांग करने का आरोप है।

आरोपियों की पहचान क्लास-2 सुपरिंटेंडेंट अमरनाथ गोवर्धनराम सरोज और क्लास-2 जीएसटी इंस्पेक्टर सुबोध सुभाष चौहान के रूप में हुई है। दोनों नडियाद स्थित सेंट्रल जीएसटी भवन में तैनात हैं।

55 लाख रुपये की रिश्वत की मांग

पीड़ित एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी है, जिसका माल लदा ट्रक जीएसटी अधिकारियों द्वारा रोका और जब्त कर लिया गया था। वाहन को नडियाद जीएसटी कार्यालय में लाया गया। जब व्यवसायी वाहन छुड़ाने के लिए अधिकारियों से संपर्क किया तो इंस्पेक्टर सुबोध चौहान और सुपरिंटेंडेंट अमरनाथ सरोज ने माल की जीएसटी दस्तावेजों में कमियां बताईं।

इन कमियों को सुलझाने और बिना कानूनी कार्रवाई के ट्रक छोड़ने के लिए उन्होंने कुल 55 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। उन्होंने तुरंत 10 लाख रुपये की पहली किस्त जमा करने पर जोर दिया।

जीएसटी भवन में बिछाया जाल

रिश्वत देने को तैयार न होने पर ट्रांसपोर्टर ने एंटी-करप्शन ब्यूरो की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर गांधीनगर एंटी-करप्शन ब्यूरो यूनिट ने अप्रैल में जाल बिछाया। रिश्वत का लेन-देन नडियाद के सेंट्रल जीएसटी कार्यालय के अंदर ही हुआ। ऑपरेशन के दौरान दोनों आरोपियों ने रिश्वत की मांग को लेकर जानबूझकर बातचीत की, जिसे रिकॉर्ड कर लिया गया।