मानेसर स्थित अल्फा मायर प्राइवेट लिमिटेड में तीन दिवसीय प्रोफेशनल फर्स्ट एड प्रशिक्षण संपन्न
गुरुग्राम : भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला गुरुग्राम द्वारा मानेसर स्थित अल्फा मायर प्राइवेट लिमिटेड में तीन दिवसीय इंडस्ट्रियल प्रोफेशनल फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के निर्देशानुसार तथा डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम जिला रेडक्रॉस सोसायटी गुरुग्राम के सचिव विकास कुमार एवं जिला प्रशिक्षण अधिकारी की देखरेख में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण सत्र में लेक्चरर डॉ. विपिन अरोड़ा ने प्रतिभागियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रशिक्षण के तीसरे एवं अंतिम दिन प्रतिभागियों को फ्रैक्चर, स्प्लिंटिंग, फिट्स, जलने की स्थिति, हाइपोथर्मिया, फ्रॉस्टबाइट, मोच, जहर के प्रभाव, पशु एवं सांप के काटने, बिच्छू व मधुमक्खी के डंक, हीट स्ट्रोक, मरीजों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तकनीक तथा फर्स्ट एड बॉक्स के उपयोग के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों का विभिन्न परिस्थितियों पर आधारित मूल्यांकन भी किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव विकास कुमार ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों को आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए सक्षम बनाते हैं और कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करते हैं।
