जिला में ग्रामीण विकास की गति हुई तेज :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 17 अप्रैल। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि रोहतक जिला के गांवों में ग्रामीण आधारभूत ढांचे और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यों में निरंतर प्रगति हो रही है तथा स्वच्छता की दिशा में भी विशेष कदम उठाये गए है। जिला में अमृत सरोवर योजना के तहत 51 अमृत सरोवरों का जीर्णोद्घार किया गया है तथा 10 सरोवरों पर कार्य जारी है। इससे गांवों में सामुदायिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में विकास एवं पंचायत विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की हिदायतों अनुसार बायोगैस प्लांट को शीघ्र शुरू करवाने के लिए कनेक्शन जारी करने के कार्य की गति बढ़ाई जाये। जिला के गांव खरावड़ में गोबरधन गैस परियोजना के तहत बायोगैस प्लांट लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खरावड़ गांव में विभाग द्वारा लगभग अढ़ाई किलोमीटर लंबी गैस पाइप लाइन बिछाई गई है, जिसकी क्षमता एक सौ कनेक्शनों की है। अब तक गांव में 50 कनेक्शन जारी किए जा चुके है। आगामी एक सप्ताह में इन कनेक्शनों की संख्या को 70 तक बढ़ाकर इस बायोगैस प्लांट को शुरू करवाया जायेगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बैठक के दौरान ग्रामीण विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों और ग्राम पंचायतों के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण विकास कार्यों की गति तेज हुई है, जिसके परिणामस्वरूप गांवों में आधारभूत सुविधाओं में स्पष्ट सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने पीएम आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, हरियाणा राज्य आजीविका मिशन, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, मनरेगा, विधायक आदर्श नगर ग्राम योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, एमपी लैड तथा जिला योजना की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उन्हें अचार बनाना व खाद्य पदार्थों को तैयार करने का प्रशिक्षण दिलवाया जाये। स्थानीय होटल प्रबंधन संस्थान द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जायेगा। स्थानीय बस स्टैंड के नजदीक स्थापित किए गए सांझा बाजार में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा डेयरी स्थापित कर दुग्ध उत्पाद तैयार करना भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लखपति दीदी के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। सरकार द्वारा ड्रोन खरीदने पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है तथा शेष 20 प्रतिशत राशि संबंधित स्वयं सहायता समूह द्वारा वहन करनी होगी।
सचिन गुप्ता ने कहा कि ग्राम पंचायतों में 51 अटल लाइब्रेरी स्थापित की जा चुकी हैं, जो ग्रामीण युवाओं को अध्ययन और डिजिटल संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध करा रही हैं। इसके अतिरिक्त गांव में इंडोर जिम स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे गांवों में स्वास्थ्य, खेल और फिटनेस को बढ़ावा मिल रहा है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और सामुदायिक फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए योग एवं व्यायामशाला भी स्थापित की गई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला के 21 गांवों में ग्राम पंचायतों द्वारा घर-घर जाकर कचरा एकत्रित किया जा रहा है। इन ग्राम पंचायतों में महम खंड की मदीना कोरसान, सीसर खास, बहलबा खास, मदीना गिंधराण, फरमाणा बादशाहपुर, भैणी चंद्रपाल, बहलबा बाजाण, फरमाणा खास, रोहतक खंड की ग्राम पंचायतें डोभ व घुसकानी, सांपला खंड की ग्राम पंचायतें खरावड़, हसनगढ़, ईस्माइला 9 बी व 11 बी, गांधरा, कलानौर खंड की ग्राम पंचायतें भाली आनंदपुर, लाहली, काहनौर व लाखनमाजरा खंड की ग्राम पंचायतें नांदल, लाखनमाजरा एवं बैंसी शामिल है।
सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों की गति बनाए रखें और परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करें, ताकि गांवों के बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नियमित समीक्षा बैठकों और फील्ड निरीक्षण के माध्यम से विकास कार्यों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखेगा, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीण नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
