स्थानीय बिजली निगम प्रशासन ने अपने ही विभाग के मंत्री के आदेशों की धज्जियां उड़ा कर रख दी

 
स्थानीय बिजली निगम प्रशासन ने अपने ही विभाग के मंत्री के आदेशों की धज्जियां उड़ा कर रख दी
सिरसा। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि स्थानीय बिजली निगम प्रशासन ने अपने ही विभाग के मंत्री के आदेशों की धज्जियां उड़ा कर रख दी है। बिजली मंत्री अनिल विज ने हाल ही में सख्त आदेश जारी करते हुए कहा था कि यदि शहरी क्षेत्रों में 2 घंटे से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में 8 घंटे से ज्यादा बिजली कटौती होती है, तो संबंधित अधीक्षण अभियंता को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


लेकिन, सिरसा में हालात इसके बिल्कुल उलट नजर आ रहे हैं। जारी बयान में शर्मा ने कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली निगम के अधिकारी मंत्री के आदेशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और मनमर्जी से कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न इलाकों में दिन के समय भी कई घंटों तक बिजली गायब रहती है। इससे न केवल घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि व्यापार और छोटे उद्योगों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। बिजली कटौती के कारण व्यापारियों का कामकाज प्रभावित हो रहा है जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि अभी गर्मी का मौसम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन बिजली व्यवस्था की स्थिति पहले से ही डगमगा चुकी है। यदि अभी से यह हाल है, तो आने वाले दिनों में हालात कितने विकट होंगे, इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि इसी प्रकार गांवों में लंबे-लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं। 


 बिजली निगम के अधिकारी न तो शिकायतों का समय पर समाधान कर रहे हैं और न ही अघोषित कटों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दे रहे हैं। इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। शर्मा ने कहा कि बिजली शिकायत केंद्र पर उपभोक्ता फोन करते हैं तो उनकी कॉल रिसीव नहीं की जाती।बिजली के अघोषित कटों के कारण पीने के पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि ने कहा कि बिजली निगम के अधिकारी मनमाने ढंग से कम कर रहे हैं, जिसका दंड लोगों को भुगतना पड़ रहा है। राजकुमार शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर बिजली आपूर्ति में जल्द सुधार न हुआ तो कांग्रेस पार्टी बिजली निगम प्रशासन के खिलाफ आंदोलन का बिगुल बजा देगी। शर्मा ने बिजली मंत्री से भी जिम्मेदार निगम अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।