मंडलायुक्त ने 16 से 30 अप्रैल तक होने वाली स्वगणना के लिए अधिकारियों को जिम्मेवारी से कार्य करने की दी हिदायत

 
 मंडलायुक्त ने 16 से 30 अप्रैल तक होने वाली स्वगणना के लिए अधिकारियों को जिम्मेवारी से कार्य करने की दी हिदायत

हिसार, 13 अप्रैल।मंडलायुक्त गीता भारती ने जनगणना 2027 के कार्यक्रम के अनुसार आगामी 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक की जाने वाली स्वगणना हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी और पूर्ण गंभीरता से कार्य करने की हिदायत दी है, साथ ही उन्होंने आमजन से भी स्वगणना कार्य में सहयोग की अपील की है।


उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल से नागरिक पोर्टल व अन्य उपलब्ध माध्यमों के जरिए अपना डेटा खुद ही फीड कर पाएंगे। इससे जनगणना के कार्य में सहूलियत होगी और प्रमाणित आंकड़ों के संकलन में भी मदद मिलेगी। मंडलायुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों तथा शहरी स्थानीय निकाय व पंचायत विभाग द्वारा आमजन को स्वगणना के लिए प्रोत्साहित व जागरूक करेंगे।


मंडलायुक्त ने बताया कि स्वगणना कार्य के उपरांत एक से 31 मई तक ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा जनगणना के प्रथम चरण में घरों की गिनती की जाएगी। जनगणना का द्वितीय चरण 9 फरवरी 2027 से एक मार्च 2027 तक पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को मंडलायुक्त कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वगणना कर अभियान की शुरूआत की जाएगी।