आईकैट सेंटर-1 में लगा टीबी जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर
गुरुग्राम, 8 मई– गुरुग्राम स्थित आईकैट सेंटर-1 में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिप्टी सिविल सर्जन (टीबी) डॉ. योगेंद्र सिंह ने की। शिविर का आयोजन जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर पूनम और डीपीसी मनीषा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को टीबी बीमारी के प्रति जागरूक किया गया तथा समय पर जांच और इलाज के महत्व की जानकारी दी गई। जागरूकता सत्र में करीब 100 कर्मचारियों ने भाग लिया, जबकि स्वास्थ्य जांच शिविर में 340 कर्मचारियों ने अपनी जांच करवाई।
शिविर में कुल 345 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें 288 पुरुष और 57 महिलाएं शामिल रहीं। इस दौरान 152 लोगों के चेस्ट एक्स-रे किए गए। इसके अलावा 263 लोगों का ब्लड प्रेशर, 276 लोगों की शुगर जांच तथा 107 लोगों की एचआईवी जांच की गई। कर्मचारियों की एनसीडी स्क्रीनिंग और हीमोग्लोबिन जांच भी की गई।
कार्यक्रम में कर्मचारियों को टीबी के 10 प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि टीबी मरीज की सूचना देने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। टीबी मरीजों को इलाज पूरा होने तक प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर टीबी मरीजों के परिवार के सदस्यों के लिए उपलब्ध टीपीटी सुविधा और निक्षय मित्र पहल के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच करवाएं और इलाज को बीच में न छोड़ें।
