स्विमिंग पूल पर्यटन के साथ-साथ तैराकी को भी देगा नई पहचान- सुभाष बराला
चंडीगढ़, 10 मई - राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि नवनिर्मित स्विमिंग पूल भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तैराक तैयार करेगा और यहाँ से हरियाणा व भारत का भविष्य उभरकर सामने आएगा। इसके अलावा रिसॉर्ट परिसर में विकसित सुविधाएं आने वाले समय में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी तथा यहाँ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों को नई पहचान मिलेगी।
राज्य सभा सांसद ने टोहाना में बलियाला हेड पर करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘केनाल रिसॉर्ट’ एवं स्विमिंग पूल का शुभारंभ किया। रिसॉर्ट में आधुनिक स्विमिंग पूल, कैफेटेरिया, गार्डन रेस्टोरेंट तथा लग्जरी रूम सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं, जो क्षेत्र में पर्यटन और मनोरंजन को नई पहचान देंगी। यह टोहाना को पर्यटन एवं खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि टोहाना में ऐसा सुंदर पिकनिक स्पॉट विकसित करने का उनका प्रयास रहा है। जहां परिवारों, युवाओं एवं बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर वातावरण मिल सके। हम सब के प्रयासों से यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यहाँ अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ विकसित हो रही हैं और अब स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
सांसद ने कहा कि फतेहाबाद में सिंथेटिक ट्रैक सहित आधुनिक स्टेडियम का निर्माण संभव हुआ, जो हरियाणा के चुनिंदा स्टेडियमों में शामिल है। दमकौरा सिंथेटिक ट्रैक स्टेडियम में हरियाणा ही नहीं बल्कि दिल्ली, पंजाब, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश तक के खिलाड़ी अभ्यास करने के लिए आते हैं और यहाँ अभ्यास करने वाले कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
