सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ एचएसपीसीबी और एमसीजी का विशेष अभियान
गुरुग्राम, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी), गुरुग्राम क्षेत्र (उत्तर) द्वारा नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के सहयोग से 05 एवं 06 मई 2026 को सिंगल यूज़ प्लास्टिक (एसयूपी) के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग, भंडारण और वितरण पर रोक सुनिश्चित करना तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना था। यह अभियान गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा, उद्योग विहार फेज-1 तथा सेक्टर-23ए क्षेत्रों में चलाया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों,
विक्रेताओं और स्टोरेज प्वाइंट्स का गहन निरीक्षण किया गया।
एचएसपीसीबी के अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग और भंडारण में लिप्त पाए गए उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 463 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त किया गया। इसके साथ ही संबंधित प्रावधानों के तहत दोषियों पर कुल 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की अपील की।
