गुरुग्राम में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान, 169 किलो प्रतिबंधित सामान जब्त

 
 गुरुग्राम में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान, 169 किलो प्रतिबंधित सामान जब्त

गुरुग्राम- हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) गुरुग्राम रीजन (नॉर्थ) ने नगर निगम गुरुग्राम के साथ मिलकर गुरुवार को सिंगल यूज प्लास्टिक (एसयूपी) के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई जाकपो के पास शिवाजी पार्क और जेल लैंड कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में की गई।

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम (उत्तर) की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग, भंडारण और वितरण पर रोक सुनिश्चित करना था। इस दौरान विभिन्न दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, विक्रेताओं और गोदामों की जांच की गई।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए लोगों से कुल 169 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामान जब्त किया गया। इसमें 132 किलो प्लास्टिक कटलरी, 28 किलो पॉलिथीन और 9 किलो प्लास्टिक स्ट्रॉ शामिल हैं।

अभियान के दौरान बिना जरूरी अनुमति और सहमति के चल रही एक अवैध डाइंग यूनिट एम/एस एसवी डेनिम क्राफ्ट को भी सील किया गया। उन्होंने बताया कि पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।