प्रदेशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया

 
प्रदेशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया

चण्डीगढ- प्रदेशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नागरिकों ने भगवनान शिव को जलाभिषेक किया और ओम मंत्र ध्वनि का उच्चारण किया । प्रातःकाल के समय कलश यात्रा में शामिल होकर शिव महिमा का गुणगान और भगवान सोमनाथ से जुड़ी कथाओं का वाचन कर वाणी पवित्र की।

राज्य के प्रत्येक जिला एवं उपमण्डल स्तरीय मंदिर में सोमनाथ के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जिसका लाखों लोगों ने अवलोकन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम लाईव प्रसारण दिखाया गया।

मोदी के नेतृत्व में देश स्वाभिमान के साथ छू रहा नई ऊंचाइयां- हरविन्द्र कल्याण

करनाल के कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि एक हजार वर्ष की गुलामी के कालखंड में देश की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और गौरव को गहरी चोट पहुंचाई गई। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पुनः अपनी जड़ों की ओर लौटते हुए स्वाभिमान के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह सबके लिए गौरव का क्षण है। हम कृतज्ञ हैं कि प्रधानमंत्री ने कठिन तपस्या से राष्ट्र को उस मार्ग पर खड़ा किया है जहां हम 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

राम मंदिर से सोमनाथ मंदिर तक हमारी मान्यताओं को मिल रहा है पूर्ण सम्मान- ऊर्जा मंत्री अनिल विज

अम्बाला में हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी भी पल को चूकते नहीं हैं, जो हमारी जनता की मान्यताओं के स्थान है जिनमें राम मंदिर, विश्वनाथ मंदिर हो या अन्य स्थान हो, सभी को पूरा सम्मान दिया जाता है। उसी प्रकार आज सोमनाथ मंदिर के 75वें स्वाभिमान पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने सारे देश को जोड़ा है तथा वो स्वयं सोमनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए वहां उपस्थित हुए हैं।

देश के 12 प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों में पहला स्थान सोमनाथ - गौरव गौतम 

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारत के 12 प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों में से पहले स्थान पर सोमनाथ ज्योतिर्लिंग है। इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और इतिहास से जोडऩा है। भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत में सोमनाथ मंदिर का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। सदियों से यह मंदिर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और भारतीय संस्कृति की अमर चेतना का प्रतीक बना हुआ है।

श्रद्धा, भक्ति भाव का पर्व सोमनाथ स्वाभिमान- श्याम सिंह राणा

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की अजेय सभ्यता का प्रतीक है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व   का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं भक्ति भाव से जुड़ा हुआ है। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों व भजन मंडली द्वारा शिव तांडव, भजन, शिव वंदना आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गए। उन्होंने श्री गौरी शंकर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजा अर्चना की और प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

सोमनाथ केवल मंदिर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा-रणबीर सिंह गंगवा

सिरसा में आयोजित पर्व पर हरियाणा के जनस्वास्थय एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा, एकता और अदम्य साहस का प्रतीक है। मंदिर आक्रमणकारियों द्वारा कई बार खंडित किया गया, लेकिन हर बार यह मंदिर और अधिक शक्ति, विश्वास और संकल्प के साथ पुनः खड़ा हुआ। सोमनाथ मंदिर की सबसे बड़ी प्रेरणा यही है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी विश्वास और आस्था के बल पर पुनर्निर्माण एवं पुनर्जागरण निश्चित है।

सोमनाथ मंदिर भारत की संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक- श्रुति चौधरी

भिवानी में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की प्राचीन संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। आज पूरा देश सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहा है। यह भारतीय सांस्कृतिक चेतना, ऐतिहासिक गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का गौरवपूर्ण क्षण है। सोमनाथ मंदिर पर हुए अनेक आक्रमण केवल मंदिर पर ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना पर प्रहार करने का प्रयास थे, लेकिन भारत की आत्मा को कोई पराजित नहीं कर सकता।