समाधान शिविरों का उद्देश्य है नागरिकों की समस्या का समाधान करना: सीटीएम अनिल कुमार

 
समाधान शिविरों का उद्देश्य है नागरिकों की समस्या का समाधान करना: सीटीएम अनिल कुमार

भिवानी, 07 मई। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में स्थानीय लघु सचिवालय के डीआरडीए हॉल में वीरवार को समाधान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें सीटीएम अनिल कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने विशेषकर गर्मी के मौसम के चलते जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि वे नागरिकों को पर्याप्त पेयजल मुहैया करवाना सुनिश्चित करें।


सीटीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। ऐसे में अधिकारी नागरिकों की प्रत्येक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्घ तरीके से समाधान करें।


सीटीएम के समक्ष गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते पूरे शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने की शिकायत रखी। हनुमान ढाणी निवासी नरेश कुमार ने पेयजल संकट, सोमवीर ने गंदे पानी की निकासी करवाने, मोहित ने 134-ए के तहत निजी स्कूल में फीस को लेकर परेशान किए जाने की, वेद प्रकाश ने ट्यूबवेल कनेक्शन का लोड बढ़वाने, मुंढाल निवासी प्रदीप ने कृषि विभाग द्वारा लगाए गए ट्यूबवेल की खराब मोटर लाइन को ठीक करवाने की, संजय कुमार ने फसल बीमा संबंधित समस्या, मंजू.रानी ने दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकालने की, गैर सरकरी सदस्य अनिल सोलंकी ने तिगड़ाना रोड़ पर गिरे बिजली के पोल उठवाने तथा बावड़ी गेट क्षेत्र में टूटी पानी की टंकी के पत्थरों को हटवाकर रास्ता साफ करवाने से संबंधित समस्या रखी।


इसी प्रकार से ओमपाल ने बिजली का नो-ड्यूज दिलवाने, मुनीश शर्मा ने जमीन बेचने में धोखाधड़ी से संबंधित, पार्षद सुनील कुमार वार्ड नंबर-2 क्षेत्र सेक्टर-13 में पेयजल समस्या, गुजरानी निवासी बिल्लू ने प्लॉट का कब्जा दिलवाने, रवि प्रकाश ने जोहड़ की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, संजय कुमार ने खरीफ फसल बीमा में नुकसान प्रतिशत कम दिखाने पर बीमा कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। सुमन ने तूफान से मकान की छत टूटने पर क्षतिपूर्ति पोर्टल के माध्यम से मुआवजा दिलवाने बारे, दिनेश कुमार ने बिजली तारों को ठीक करवाने की, सुरेश कुमार ने पतराम व डाबर कॉलोनी क्षेत्र में पानी-बिजली की समस्या तथा बूस्टर की जर्जर हालत की समस्या रखी।


सीटीएम के समक्ष ढाणी बीरण निवासी सुशीला ने जर्जर मकान की मरम्मत हेतु सहायता राशि दिलवाने, संदीप व बिजेंद्र ने व्यापारी द्वारा लाखों रुपये की भैंस खरीदने के बाद पैसे न देने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस कार्रवाई करवाने, शालू अरोड़ा ने पेयजल व गंदे पानी की निकासी, प्रीति ने घर में चोरी और जान से मारने की धमकी पर पुलिस कार्रवाई करवाने, रेखा देवी ने पुन: राशन कार्ड बनवाने, कैलाश चंद व अंजू रानी ने फैमिली आईडी में आय कम करवाने संबंधी शिकायतें सीटीएम के समक्ष रखीं।


बैठक में नप ईओ राजाराम, मिकाढा से एसडीओ नरेन्द्र कुमार, डिप्टी एलडीएम राजवंती के अलावा गैर सरकारी सदस्य नरेंद्र ग्रेवाल, केके ग्रोवर, ज्ञानचंद गुलाटी, अजीत शेखावत आदि उपस्थित रहे।