यूएलबी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक मीणा से मिले सिरसा नगर परिषद के चेयरमैन वीर शांति स्वरूप, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

 
यूएलबी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक मीणा से मिले सिरसा नगर परिषद के चेयरमैन वीर शांति स्वरूप, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

सिरसा। सिरसा नगर परिषद के अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप ने आज अतिरिक्त मुख्य सचिव (यूएलबी) अशोक मीना (आईएएस) से मुलाकात कर शहर के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। शहर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से आज अतिरिक्त मुख्य सचिव (यूएलबी) अशोक मीणा (आईएएस) से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों से जुड़ी लंबित फाइलों के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान नगर परिषद स्तर पर अटकी हुई परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया गया, ताकि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हो सकें।

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के पुनर्निर्माण का रहा। इस संबंध में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़कों के निर्माण की फाइल लंबे समय से लंबित थी। अधिकारियों से इस फाइल को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर कार्य शुरू करवाने का आग्रह किया गया, जिससे शहर की प्रमुख सड़कों की हालत सुधर सके और लोगों को आवागमन में राहत मिले।

 नगर परिषद भवन को लेकर भी जोर

नगर परिषद की वर्तमान कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और नागरिक सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई नगर परिषद बिल्डिंग के निर्माण की फाइल भी लंबित पड़ी हुई थी। इस विषय को भी प्रमुखता से उठाते हुए जल्द स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया गया, ताकि आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन का निर्माण कार्य शुरू हो सके।

आधुनिक ऑडिटोरियम और लाइब्रेरी पर फोकस

शहर में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए दिव्य नगर योजना के तहत 500 से 1000 लोगों की क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की फाइल पर भी चर्चा की गई। यह प्रस्ताव शहर में बड़े कार्यक्रमों, सभाओं और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण आधार बनेगा।
  इसके साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों के लिए लगभग 200 लोगों की क्षमता वाली आधुनिक लाइब्रेरी के निर्माण की फाइल को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया गया, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक माहौल तैयार हो सके।

 47 खाली पदों को भरने का मुद्दा भी उठाया

नगर परिषद में लंबे समय से करीब 47 पद खाली पड़े हैं, जिसके कारण प्रशासनिक कार्यों में बाधा आ रही है। इस समस्या को गंभीरता से रखते हुए संबंधित फाइल को जल्द स्वीकृत कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई, ताकि विभागीय कार्यों में तेजी लाई जा सके और जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

 स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट को मिली स्वीकृति

बैठक के दौरान विशेष रूप से स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट की एस्टिमेट फाइल को स्वीकृति मिल गई, जिससे इस महत्वपूर्ण कार्य में अब तेजी आने की उम्मीद है। इसके पूरा होने से शहर में जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की संभावना है।

 अन्य मुद्दों पर भी हुई सकारात्मक चर्चा

इसके अलावा सिरसा शहर से जुड़े अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिससे शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।