सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर 11 मई को जिला स्तरीय कार्यक्रम में श्रुति चौधरी होंगी मुख्य अतिथि

 
 सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर 11 मई को जिला स्तरीय कार्यक्रम में श्रुति चौधरी होंगी मुख्य अतिथि
भिवानी, 10 मई। सोमनाथ मंदिर विरासत के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई को स्थानीय शिव नगर कॉलोनी स्थित जोगीवाला मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि होंगी तथा भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ व बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसडीएम महेश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि  सोमनाथ मंदिर हमारी धार्मिक भावना व आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 11 मई को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर पहुंच रहे हैं। सोमनाथ मंदिर विरासत की 75 वीं वर्षगांठ को देशभर में एक पर्व के तौर पर मनाया जा रहा है। सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक जिला स्तर व उपमंडल पर विशेषकर शिव मंदिरों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में भिवानी में यह जिला स्तरीय कार्यक्रम शहर के प्रसिद्ध जोगीवाला मंदिर में किया जा रहा है। कार्यक्रम को भव्य ढंग से आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीसी द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुबह आठ बजे मूलचंद मंदिर से जोगीवाला मंदिर तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान महंतों व प्रबुद्धजनों द्वारा शिव महिमा पर प्रकाश डाला जाएगा। भजन मंडली द्वारा शिव भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। जिला प्रशासन का शहर के सभी प्रबुद्धजनों, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आह्वान है कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और प्रधानमंत्री श्री मोदी का संदेश सुनें।