एसडीएम रेणुका नांदल ने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ छारा खरीद केंद्र का किया निरीक्षण

 
एसडीएम रेणुका नांदल ने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ छारा खरीद केंद्र का किया निरीक्षण
बहादुरगढ़, 07 अप्रैल: एसडीएम रेणुका नांदल ने मंगलवार को छारा खरीद केंद्र का दौरा कर गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने खरीद एजेंसियों व संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार खरीद कार्य सुचारू रूप से संचालित करने व तिरपाल की समुचित व्यवस्था के लिए जरूरी निर्देश दिए।

उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि खरीद एजेंसी अनुमानित आवक का सही अध्ययन कर अपनी रणनीति तैयार करें, ताकि छारा खरीद केंद्र में भीड़भाड़ न हो और किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई कठिनाई न आए। उन्होंने केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली और सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 
एसडीएम ने कहा कि सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और पूरी पारदर्शिता के साथ राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जाए। प्रशासन खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। 

गेंहू उपज सुखाकर बिक्री के लिए लाएं किसान

एसडीएम रेणुका नांदल ने क्षेत्र के किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान अपनी उपज को पूरी तरह सुखाकर ही मंडियों व केंद्रों पर लाएं, ताकि नमी की समस्या के कारण किसी को परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया सुगमता से हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से तय मानकों के अनुसार ही उपज खरीद की जाएगी। 

 इस अवसर पर डीएफएससी राजेश्वर मुदगिल,एएफएसओ अमरजीत सिंह व सपना देवी,सचिव विधासागर,निरीक्षक अजय कबलाना और रंजन यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।