एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

 
एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

फरीदाबाद, जिले में बच्चों और किशोरों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें कृमि संक्रमण से मुक्त करने के उद्देश्य से आज एनआईटी 03 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में 'राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस' का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस विशेष अभियान का उद्घाटन एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ अंशु सिंगला और स्वास्थ्य विभाग से डिप्टी सीएमओ डॉ. सीमा बांगर मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर इस अभियान की शुरुआत की और अधिकारियों को जिले में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में 8,37,458 के लक्ष्य को कवर किया जाएगा। अभियान के दौरान 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों तथा 20 से 24 वर्ष की प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं (WRA) को एल्बेंडाजोल की गोली दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 5 मई को मुख्य अभियान के बाद जो बच्चे किसी कारणवश छूट जाएंगे, उनके लिए 8 मई 2026 को 'मॉप-अप डे' आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी सरकारी व निजी स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, आईटीआई, तकनीकी संस्थान, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, ईंट भट्टे, मदरसे, झुग्गी-झोपड़ी और स्लम क्षेत्रों को इस कवरेज के दायरे में लाया जाए।

डिप्टी सीएमओ डॉ. सीमा बांगर ने खुराक के बारे में तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली (पीसकर) और 3 से 19 वर्ष के बच्चों व महिलाओं को एक पूरी गोली दी जाएगी। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि कोई भी बच्चा या महिला खाली पेट गोली का सेवन न करें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाई-राइज बिल्डिंगों में विशेष बूथ और कैनोपी लगाई गई हैं। किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए पीएचसी, सीएचसी और आरबीएसके (RBSK) की मोबाइल टीमें पूरी तरह तैनात हैं। आंगनवाड़ी और स्कूलों में जागरूकता के लिए आईईसी (IEC) सामग्री भी प्रदर्शित की गई है ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का लाभ उठा सकें।