Sarpanch Arrest: एक लाख रुपये की रिश्वत लेता सरपंच गिरफ्तार, 4 लाख की कर रहा था डिमांड
Sarpanch Arrest: छत्तीसगढ़ में रिश्वत केस में एसीबी की टीम ने सरपंच को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरपंच गांव के ही एक शख्स से मकान की अनुमति की एवज में 4 लाख रुपये की मांग कर रहा था जिसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत बेमचा के सरपंच देवेंद्र चंद्राकर को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। पीड़ित ग्रामीण सूरज राम रात्रे, निवासी महासमुंद ने एसीबी रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी के नाम पर ग्राम बेमचा के इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में आबादी भूमि/मकान स्थित है।
पूर्व सरपंच द्वारा इस भूमि पर निर्माण कार्य के लिए एनओसी जारी की जा चुकी थी, लेकिन वर्तमान सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर ने अनुमति निरस्त कर दी और पुनः अनुमति देने के एवज में चार लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाने की योजना बनाई। एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
सत्यापन के दौरान आरोपी सरपंच ने मोलभाव कर 3.80 लाख रुपये में सौदा तय किया और 50 हजार रुपये एडवांस के रूप में ले लिया। इसके बाद एसीबी टीम ने 16 अप्रैल को ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की अगली किश्त रिश्वत के रूप में लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
