गांव सिकंदरपुर में हारे का सहारा ट्रस्ट ने भरा 70वां भात
सिरसा। हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने गांव सिकंदरपुर में जगतार सिंह मट्टू और रिशपाल कौर की पुत्री कुलजिंदर कौर के विवाह के पावन उपलक्ष्य में उनके निवास स्थान पर पहुँचकर पूरे विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ भात भरा। 70वां भात भरने के बाद अपनी भावनाएं साझा करते हुए ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने कहा कि आज का यह अनुभव शब्दों से परे है।
परिवार के प्रेम और सेवा के इस अवसर ने मन को गहरे संतोष से भर दिया है और ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो भीतर आनंद की बांसुरी बज रही हो। उन्होंने भाई राज मट्टू का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से ट्रस्ट को इस मंगल उत्सव और आनंद के क्षणों का सहभागी बनने का सौभाग्य मिला।
इस सेवा यात्रा की सफलता के लिए उन्होंने माता स्वर्गीय श्रीमति सुशीला देवी, अपने इष्ट प्रभु श्री श्याम देव और पितृ देवों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि यह सब दैवीय कृपा का ही प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि बेटियां पैदा नहीं होती बल्कि अवतरित होती हैं। जब वे बेटी को आशीर्वाद देते हैं तो ऐसा महसूस होता है जैसे माता श्री के चरणों में प्रणाम कर रहे हैं।
मनीष सिंगला ने 70 परिवारों का दिल से धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें ये सौभाग्य के पल प्रदान किए। मनीष सिंगला ने कहा कि 70 बहन बेटियों के आशीर्वाद से अभिभूत हूँ, जीवन सम्पन्न हो गया। ये मुहिम माताश्री के आशीर्वाद से निरंतर चलती रहेगी। इस मौके पर राज सिंह मट्टू, निज़ी सचिव हरपिंदर शर्मा, योगेश बिजारनिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
