हेड कांस्टेबल के दफ्तर में मिले 50 लाख रुपये, 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते किया था अरेस्ट
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक महिला से दो लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में एंटी-नारकोटिक्स सेल (द्वारका) में तैनात दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने आरोपी हेड कांस्टेबल अजय और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि शिकायतकर्ता को झूठे मामले में न फंसाने के बदले 15 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी, जिसकी पहली किस्त के रूप में पांच लाख रुपए का भुगतान करने की समय सीमा 21 अप्रैल तक दी गई थी।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी हेड कांस्टेबल को रिश्वत की कुल राशि के हिस्से के रूप में दो लाख रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्यालय परिसर की तलाशी के दौरान 48.87 लाख रुपए की नकदी भी जब्त की गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।
