रोवर पैमाइश से राजस्व कार्यों में आएगी पारदर्शिता व गति : मंडलायुक्त गीता भारती

 
रोवर पैमाइश से राजस्व कार्यों में आएगी पारदर्शिता व गति : मंडलायुक्त गीता भारती

हिसार, 17 अप्रैल। जिले में राजस्व कार्यों को अधिक पारदर्शी, सटीक एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से संचालित रोवर पैमाइश प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर प्रगति पर है। प्रशिक्षण के पांचवें दिन मंडलायुक्त गीता भारती ने गांव बाडो पट्टी पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।


इस दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि रोवर तकनीक का उपयोग राजस्व कार्यों में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और इसकी बारीकियों को भली-भांति समझकर फील्ड में लागू करें, ताकि भूमि मापन कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। मंडलायुक्त गीता भारती ने कहा कि रोवर पैमाइश के माध्यम से भूमि का सटीक मापन संभव होगा, जिससे राजस्व मामलों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आमजन को समयबद्ध सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में इस तकनीक को प्रभावी रूप से लागू करना सुनिश्चित करें।


मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल राजस्व कार्यों में तेजी आएगी बल्कि आम जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।


इस अवसर पर मंडलायुक्त के ओएसडी जगदीप सिंह तथा जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।