बुजुर्ग किसान से 50,000 की रिश्वत लेते रेंजर और क्लर्क गिरफ्तार, एक लाख की कर रहे थे डिमांड

 
बुजुर्ग किसान से 50,000 की रिश्वत लेते रेंजर और क्लर्क गिरफ्तार, एक लाख की कर रहे थे डिमांड

मध्य प्रदेश के सागर में लोकायुक्त टीम ने रिश्वत लेते हुए रेंजर और क्लर्क को गिऱफ्तार किया है। दोनों आरोपी अधिकारी कर्मचारी बुजुर्ग किसान से एक लाख रुपये की डिमांड कर रहे थे। किसान पहले ही 40 हजार दे चुका था। अब 50 हजार देते वक्त गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत कुमार के अनुसार "किसान विजय सिंह राजपूत के खेत में लगी लकड़ी के परिवहन के लिए उन्हें वन विभाग से अनुमति लेनी थी. इसके लिए उन्होंने बंडा वन परिक्षेत्र कार्यालय में टीपी (ट्रांजिट परमिट) के लिए आवेदन किया था. लेकिन वनविभाग के क्लर्क जय प्रकाश तिवारी द्वारा लगातार उनसे पैसों की मांग की जा रही थी. किसान पहले क्लर्क को 40 हजार रुपये दे चुका था. लेकिन इसके बाद भी रेंजर विकास सेठ द्वारा 60 हजार की और मांग की जा रही थी. कुल 1 लाख रुपए की रिश्वत देने पर टीपी जारी करने की मांग की जा रही थी."

रंगे हाथों धरे गए रेंजर और क्लर्क

रिश्वत की मांग से परेशान होकर किसान ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर से की. शिकायत की तस्दीक के बाद लोकायुक्त सागर टीम ने तय योजना के तहत किसान को 50 हजार रुपए लेकर रेंजर के दफ्तर भेजा गया, जहां रेंजर ने रिश्वत के 50 हजार रुपए लिए, तो पहले से सादी वर्दी में तैनात लोकायुक्त टीम ने रेंजर विकास सेठ और क्लर्क जयप्रकाश तिवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया. दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.