अधिकारी समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध करें उचित निपटारा- उपायुक्त सचिन गुप्ता

 
रोहतक, 13 अप्रैल : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में प्राप्त नागरिकों की हर शिकायत का समयबद्ध उचित निपटारा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गत रविवार को भैयापुर में आग लगने से गेहूं की फसल को हुए नुकसान की भरपाई के लिए विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी।

रोहतक, 13 अप्रैल : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में प्राप्त नागरिकों की हर शिकायत का समयबद्ध उचित निपटारा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गत रविवार को भैयापुर में आग लगने से गेहूं की फसल को हुए नुकसान की भरपाई के लिए विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी। सरकार के निर्देशानुसार गेहूँ की फसल को हुए नुकसान का प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा। गांव भैयापुर की ग्राम पंचायत व ग्रामीणों ने समाधान शिविर में उपायुक्त से मिलकर विशेष गिरदावरी करवाने एवं मुआवजा प्रदान करने की गुहार लगाई थी।

सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का उचित निपटारा करें। अधिकारी शिकायत का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद भी अवश्य करें तथा उन्हें विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी देकर संतुष्ट करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों का फीडबैक प्राप्त करने के लिए कॉलिंग सेल स्थापित की गई है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार सभी विभागों से संबंधित नागरिकों के समस्याओं के एक छत के नीचे तुरंत उचित निदान के उद्देश्य से हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सभी विभागों के उच्चाधिकारियों को जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए है कि वे नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करें तथा नागरिकों की समस्याओं का उचित व स्थायी समाधान करें।

समाधान शिविर में बनियानी निवासी दिव्यांग जगबीर सिंह को मौके पर दी गई व्हील चेयर  
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बनियानी निवासी दिव्यांग जगबीर सिंह पुत्र उमेद सिंह की समाधान शिविर में व्हील चेयर की मांग के संदर्भ में जिला रेडक्रास सोसायटी के अधिकारियों के माध्यम से उन्हें मौके पर व्हील चेयर प्रदान की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों में केवल नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई ही नहीं की जाती बल्कि ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों को मौके पर हर संभव मदद भी प्रदान की जाती है। जगबीर सिंह को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70 प्रतिशत दिव्यागंता का प्रमाण पत्र जारी किया गया है। उन्होंने समाधान शिविर में व्हील चेयर उपलब्ध करवाने की गुहार लगाई थी। मौके पर व्हील चेयर मिलने पर जगबीर सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, उपायुक्त सचिन गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

जिला मुख्यालय के अलावा सांपला व महम उपमंडलों में भी आयोजित किए गए समाधान शिविर
जिला मुख्यालय के अलावा सांपला व महम उपमंडलों में भी समाधान शिविर आयोजित किए गए। सांपला में उपमंडलाधीश कार्यालय में समाधान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें उपमंडलाधीश अंकिता पंवार तथा अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे। इसी तरह महम उपमंडल में भी उपमंडलाधीश विपिन कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया। उपमंडलाधीश ने नागरिकों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध उचित समाधान करने के निर्देश दिए।  

समाधान शिविर में यह रहे उपस्थित
जिला मुख्यालय स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत सिंह, नगराधीश अंकित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, परिवहन डिपो के महाप्रबंधक नवीन कुमार, डीएसी जितेंद्र सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, काडा के कार्यकारी अभियंता अंशुल कादयान, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल, एलडीएम महावीर प्रसाद, जिला कल्याण अधिकारी रेणु सिसोदिया, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी एवं भाजपा के प्रतिनिधियों में सांपला मार्किट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, सतीश चौधरी एवं डॉ. अंकुश बिड्डू उपस्थित रहे।