सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर झज्जर में तैयारियां जोरों पर  : डीसी

 
 सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर झज्जर में तैयारियां जोरों पर  : डीसी

झज्जर, 9 मई । सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में 11 मई को झज्जर स्थित बाबा प्रसादगिरी मंदिर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। कार्यक्रम के लिए शहर की सामाजिक और धार्मिक संस्थाओ की सक्रिय भागीदारी रहेगी। यह जानकारी डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने दी।


उन्होंने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व जिला स्तर पर शहर के बाबा प्रसाद गिरी मंदिर परिसर में श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा  आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके साथ साथ सभी उप मंडलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


 डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था, परंपरा और आत्मगौरव का प्रतीक है। यह पर्व देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा तथा लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा।


डीसी ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे जबकि बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून की  गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।


डीसी ने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे श्रद्धालु लाइव देख और सुन सकेंगे। इसके अतिरिक्त भजन, मंत्र जाप, धार्मिक कथाओं का वाचन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


दूसरी ओर जिला परिषद के सीईओ मनीष फौगाट ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 11 मई सोमवार को सुबह 9 बजे महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, यह कलश यात्रा बाबा प्रसाद गिरी मन्दिर से शुरू होकर चौपटा बाजार, डायमंड चौक, गोपाल मंदिर होते हुए वापिस मंदिर परिसर में जलाभिषेक के साथ सम्पन्न होगी ।


 इसके उपरांत भगवान शिव की पूजा-अर्चना की जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने झज्जर शहरवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर का हिस्सा बनने की अपील की।