पीएनजी कनेक्शन धारक को नहीं मिलेगा नया एलपीजी कनेक्शन

 
पीएनजी कनेक्शन धारक को नहीं मिलेगा नया एलपीजी कनेक्शन

सिरसा, 10 अप्रैल। जिला के जिन क्षेत्रों में पीएनजी उपलब्ध है, वहां के उपभोक्ताओं को 90 दिनों के भीतर पीएनजी कनेक्शन लेना होगा। ऐसा न करने पर संबंधित उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध नहीं करवाए जाएंगे तथा उनका कनेक्शन बंद होगा। पीएनजी कनेक्शन उपभोक्ताओं को अपना घरेलू एलपीजी कनेक्शन जमा करवाना होगा। ऐसे उपभोक्ता गैस वितरक एजेंसियों से एलपीजी सिलेंडर रिफिल नहीं करवा सकेंगे। भविष्य में भी पीएनजी कनेक्शन वाले किसी भी व्यक्ति को नया एलपीजी कनेक्शन जारी नहीं किया जाएगा।

पांच किलोग्राम वाले सिलेंडर के लिए पते के प्रमाण की आवश्यकता नहीं

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि 5 किलोग्राम के फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर एचपीसीएल द्वारा ‘अप्पू’, बीपीसीएल द्वारा ‘मिनी’ और आईओसीएल द्वारा ‘छोटू’ नाम से उपलब्ध हैं।

इन सिलेंडरों को प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को पते के प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती, केवल वैध पहचान पत्र पर्याप्त है। प्रवासी श्रमिक नजदीकी गैस एजेंसी से पहचान पत्र दिखाकर ये सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। प्रारंभ में सिलेंडर और रेगुलेटर की लागत जमा करनी होगी, जबकि बाद में केवल गैस रिफिल का मूल्य देना होगा। प्रवासी मजदूर इस योजना का लाभ अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से उठा सकते हैं।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सिरसा जिले में घरेलू गैस सिलेंडर, सीएनजी तथा पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।