PNB के 132वें स्थापना दिवस पर महिला सशक्तिकरण व स्वास्थ्य सेवा की पहल

 
PNB के 132वें स्थापना दिवस पर महिला सशक्तिकरण व स्वास्थ्य सेवा की पहल

रोहतक, 11 अप्रैल। पंजाब नेशनल बैंक के 132वें स्थापना दिवस के अवसर पर पीएनबी मंडल कार्यालय द्वारा विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल प्रमुख आरजू परवीन के नेतृत्व में जिला के गांव बोहर में 14 सिलाई मशीनें वितरित कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया गया।

मंडल प्रमुख आरजू परवीन ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार की जनकल्याणकारी गतिविधियां जारी रखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कौशल विकास के माध्यम से वंचित महिलाओं को सशक्त बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और स्थायी आजीविका के अवसर प्रदान करना है।

सिलाई मशीनें प्राप्त करने वाली महिलाओं ने बैंक के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया। इसके अतिरिक्त, ट्रिप्टी हॉस्पिटल के सहयोग से मंडल कार्यालय में एक स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में बैंक के ग्राहकों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।