25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, जमीन से जुड़े मामले में मांग रहा था रिश्वत

 
 25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, जमीन से जुड़े मामले में मांग रहा था रिश्वत

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घूसखोर पटवारी को गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने पीड़ित से 25 हजार रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपी पटवारी का नाम सौरभ गोस्वामी, ग्राम सेन्धोपारा, तहसील प्रतापपुर है।

पटवारी ने भूमि नामांतरण व नौकरी हेतु पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत अंबिकापुर एसीबी-ईओडब्ल्यू से की थी। जांच के बाद रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथ पकड़ा गया।

नामांतरण और प्रतिवेदन के एवज में मांगी थी रिश्वत

प्रार्थी रूप सिंह, ग्राम मरहटा, जिला सूरजपुर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत की गई थी कि उनके व उनकी बहन के नाम पर ग्राम सेन्धोपारा तहसील प्रतापपुर जिला सूरजपुर स्थित भूमि को महामाया कोयला खदान जरही के द्वारा अधिग्रहित किया गया है। भूमि के नामांतरण एवं नौकरी हेतु पटवारी प्रतिवेदन तैयार कर देने के एवज में पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25,000 रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।

प्रार्थी ने रिश्वत देने की बजाय मामले की शिकायत एसीबी में कर दी। सत्यापन में शिकायत सही पाये जाने से आज ट्रेप आयोजित कर पीड़ित से आरोपी पटवारी सौरभ गोस्वामी को 25,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।