अभिभावक 14 से 15 आयु वर्ग की किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका लगाने की दें सहमति- उपायुक्त सचिन गुप्ता

 
 अभिभावक 14 से 15 आयु वर्ग की किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका लगाने की दें सहमति- उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, 12 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला के नागरिकों का आह्वान किया कि वे किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत टीका लगवाने की सहमति प्रदान करें। सरकार द्वारा 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। निजी स्कूल संचालक इस बारे में अभिभावकों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है तथा किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में मुफ्त लगाया जा रहा है। सचिन गुप्ता स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में स्कूल संचालकों/प्राचार्यों से संवाद कर रहे थे। यह टीका स्वैच्छिक है तथा संतुष्टि प्रदान करने वाले अभिभावकों की किशोरियों को ही टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किशोरियों में होने वाली सर्विकल कैंसर की बीमारी से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए ऐसे ही कार्य करता है जैसे टिटनेस का टीका कार्य करता है।


उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों को एचपीवी टीकाकरण के बारे में जागरूक किया जा रहा है ताकि वे 14 से 15 वर्ष आयु की अपनी बेटियों को इस बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण करवा सके। यह टीका केवल सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में मुफ्त लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य केन्द्रों में कोल्ड चेन बनाए रखने में मदद मिलती है। एचपीवी अर्थात ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से सर्विकल कैंसर फैलता है।


सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि जिला में एचपीवी टीकाकरण 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को उनकी तथा अभिभावकों की सहमति के बाद ही टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल भी जिला प्रशासन का अभिन्न हिस्सा है। स्कूल संचालक अभिभावक-अध्यापक बैठक के दौरान स्कूल में आने वाले अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण करवाने बारे जागरूक करें। स्कूल पीटीएम का निर्धारित कार्यक्रम भी सांझा करें ताकि स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ मौके पर जाकर अभिभावकों की भ्रांतियों को दूर कर सके। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन समितियों की बैठकों में भी एचपीवी टीकाकरण बारे आवश्यक चर्चा की जाए।


उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण के बारे में नागरिकों का विश्वास बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को सर्वप्रथम लक्षित आयु वर्ग की अपनी किशोरियों का टीकाकरण करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों को भी इस बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं क्योंकि वे जिला प्रशासन व अभिभावकों के मध्य संवाद का माध्यम है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निजी स्कूल संचालकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं तथा इस ग्रुप में एचपीवी टीकाकरण बारे जागरूकता सामग्री सांझा करें ताकि अभिभावकों तक यह सूचना पहुंचे।
सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र ने कहा कि सभी लक्षित किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सप्लाई चेन बनाए रखने के उद्देश्य से 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को इस अभियान के तहत टीकाकरण के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में एचपीवी की लगभग 15 हजार डोज लगाई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की इस आयु वर्ग की किशोरियों को भी एचपीवी टीका लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण को सभी मिलकर जन अभियान बनाएं ताकि कोई भी लक्षित किशोरी इस टीकाकरण से वंचित न रहे।


जिला की टीकाकरण प्रभारी डॉ. प्रतिभा ने एचपीवी टीकाकरण के संदर्भ में कहा कि यह टीकाकरण किशोरियों में सर्विकल कैंसर के बचाव के लिए लगाया जा रहा है। यह टीका पूर्णतय सुरक्षित है तथा सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में भी डॉक्टरों की देखरेख में लगाया जा रहा है। एचपीवी का टीका किशोरियों के लिए सुरक्षा का संकल्प है। सर्विकल कैंसर से बेटियों का जीवन बचाने का यह नया विकल्प है।


इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस विशाल सिंह, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, जिला शिक्षा अधिकारी मंजित मलिक, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल सहित विभाग के अन्य अधिकारी व निजी स्कूल संचालक/प्राचार्य उपस्थित रहे।