विश्व स्वास्थ्य दिवस पर विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्वास्थ्य अधिकारों बारे किया जागरूक
Apr 7, 2026, 23:48 IST
सिरसा, 7 अप्रैल: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरसा द्वारा मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनिश जिन्दिया के मार्गदर्शन और प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला के निर्देशानुसार सिविल अस्पताल में आयोजित किए गए। इस दौरान जागरूकता शिविर लगाए गए।
इस दौरान डिप्टी एल.ए.डी.सी. कवलजीत सिंह गिल ने सिविल अस्पताल सिरसा व डिप्टी एल.ए.डी.सी वंदना मोंगा ने जिला जेल में कानूनी जागरूकता शिविर में उपस्थित लोगों को संविधान के अनुच्छेद 21 (राइट टू लाइफ) के तहत मिलने वाले स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सिरसा के विभिन्न सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छात्रों के लिए कई गतिविधियों का आयोजन किया गया।
प्राधिकरण के सचिव प्रवेश सिंगला ने बताया कि हर साल 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने को बढ़ावा देना और आम जनता को जागरूक करना है।
