अधिकारी सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए नागरिकों की समस्याओं का करें समयबद्ध निपटारा- उपायुक्त सचिन गुप्ता

 
अधिकारी सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए नागरिकों की समस्याओं का करें समयबद्ध निपटारा- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 11 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि वे समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निपटारा करते समय सकारात्मक दृष्टिकोण रखें तथा शिकायतों का समयबद्ध उचित निपटारा सुनिश्चित करें। नागरिकों की समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए संबंधित नागरिक से संवाद कर उन्हें विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है। इन शिविरों का उद्देश्य सभी विभागों से संबंधित समस्याओं का एक छत के नीचे यथासंभव तुरंत निदान करना है ताकि नागरिकों को समस्याओं से निजात मिले। उन्होंने कहा है कि अधिकारी नियमित रूप से समाधान शिविर एवं अन्य शिकायत पोर्टल का अवलोकन करें तथा इन पोर्टल की लंबित शिकायतों का निर्धारित अवधि में निपटारा करवाएं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों का फीडबैक जानने के लिए कॉलिंग सेल भी स्थापित किया गया है। नागरिक संतुष्ट होने पर ही उनकी समस्या का स्थाई समाधान किया जा रहा है। विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी किए गए है कि वे नागरिकों की समस्याओं को लम्बित न रखें तथा समयबद्ध यथासंभव उचित निपटारा करें।

उपायुक्त के निर्देशानुसार प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल ने सुनी नागरिकों की समस्याएं
उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं महम उपमंडल मुख्यालय पर समाधान शिविर आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन समस्याओं का निर्धारित अवधि में उचित समाधान करवाएं। जिला मुख्यालय के अलावा महम उपमंडल मुख्यालय पर भी उपमंडलाधीश विपिन कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के आदेश दिए।
इस अवसर पर डीएमसी जितेंद्र सिंह, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता योगराज छिक्कारा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल, एलडीएम महाबीर प्रसाद, जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल सहित भाजपा के प्रतिनिधियों में सतीश चौधरी व डॉ. अंकुश बिड्डïू आदि मौजूद रहे।