राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों को आपसी समन्वय से पूरा करें अधिकारी : डीसी
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
झज्जर, 09 अप्रैल। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने जिला के राजस्व विभाग व कृषि सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए पेपरलेस रजिस्ट्री, जमाबंदी,ततीमा कटिंग, भू नक्शा स्टेटस,एग्री स्टैक आईडी,डिजिटल क्रॉप सर्वे सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व सम्बंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी के उपरांत डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि नागरिकों से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को समय पर सेवाएं मिल सकें।
डीसी ने कहा कि सभी किसानों की एग्री स्टैक फार्मर आईडी बेहद जरूरी है। इसके लिए कृषि व राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि व अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फॉर्मर आईडी बनवाना जरूरी है।
डीसी ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और जमाबंदी से संबंधित मामलों में पारदर्शिता व शुद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की पेंडेंसी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में सम्बंधित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की ।
इस अवसर पर एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, डीआईओ अमित बंसल,तकनीकी अधिकारी डॉ. रोहित वत्स सहित जिला के सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
