अधिकारी व कर्मचारी जनगणना प्रक्रिया का बारीकी से लें प्रशिक्षण : नगराधीश अजय सिंह

राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जनगणना-2027 के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

 
अधिकारी व कर्मचारी जनगणना प्रक्रिया का बारीकी से लें प्रशिक्षण : नगराधीश अजय सिंह
सिरसा, 07 अप्रैल: राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे जनगणना-2027 प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को नगराधीश अजय सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जनगणना प्रक्रिया बारे जानकारी भी दी।

नगराधीश अजय सिंह ने बताया कि जनगणना के तहत हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंस का कार्य 1 मई से 30 मई तक चलेगा। इससे पहले 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-जनगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसमें नागरिक स्वयं पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि यह कार्य व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न किया जाएगा, इसलिए अधिकारी व कर्मचारी जनगणना से जुड़े कार्य का प्रशिक्षण बेहतर तरीके से हर बारिकी को जानें।

उन्होंने बताया कि लगभग 700 से 800 की आबादी पर एक प्रगणक जाएगा, जबकि प्रत्येक 6 प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर तैनात रहेगा। सुपरवाइजर संपूर्ण कार्य की निगरानी करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रगणक को 22 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक प्रगणक के पास आधिकारिक पहचान पत्र होना अनिवार्य है।  उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रगणक को पहचान पत्र जारी किया जाएगा। बिना पहचान पत्र कोई भी प्रगणक जनगणना के लिए घर-घर नहीं जाएगा ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे केवल आई कार्ड जारी प्रगणक को ही जानकारी दें अन्य को ना दें और  जनगणना प्रक्रिया के सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने में सहयोग करें।

नगराधीश ने बताया कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि जनगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी नागरिक के मोबाइल पर ओटीपी नहीं आएगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मलिक, चिमन भारतीय शिक्षाविद, प्रमोद कुमार, पंकज कुमार, जयकरण, रीतेंद्र पांडे आदि उपस्थित थे।