हरियाणा में शिक्षा गुणवत्ता सुधार को नई गति: पीएम श्री विद्यालयों व मॉडल संस्कृति स्कूलों के बीच राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
चंडीगढ़, 11 अप्रैल- हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ एवं परिणाममुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पीएम श्री विद्यालयों और वरिष्ठ माध्यमिक मॉडल संस्कृति स्कूलों के बीच राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सभी उपायुक्तों एवं मंडल आयुक्तों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह पूरी पहल हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी के निर्देशानुसार की जा रही है। इस योजना को हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा लागू किया जाएगा। इसका पर्यवेक्षण स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव श्री विजय सिंह दहिया करेंगे, जबकि राज्य परियोजना निदेशक श्रीमती वर्षा खांगवाल इसके क्रियान्वयन की निगरानी करेंगी।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि यह पहल विद्यालयों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देगी तथा उन्हें अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में हरियाणा में 250 पीएम श्री विद्यालय तथा 218 वरिष्ठ माध्यमिक मॉडल संस्कृति विद्यालय संचालित हैं, जिन्हें गुणवत्ता एवं मूल्य आधारित शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रत्येक जिले में उपायुक्त 20 अप्रैल 2026 तक तीन पीएम श्री विद्यालय तथा तीन वरिष्ठ माध्यमिक मॉडल संस्कृति विद्यालयों का चयन करेंगे। इसके पश्चात मंडल आयुक्त 30 अप्रैल 2026 तक चयनित विद्यालयों में से शीर्ष 50 प्रतिशत विद्यालयों को अगले चरण के लिए चिन्हित करेंगे।
चयनित विद्यालय 1 मई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष सुधार चरण में भाग लेंगे। इस अवधि में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, नवीन शिक्षण पद्धतियों के समावेश, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के विस्तार तथा समग्र विद्यालय प्रबंधन को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा। इस प्रक्रिया में जिलों में तैनात वरिष्ठ अधिकारी संरक्षक के रूप में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि अंतिम मूल्यांकन 1 अगस्त से 7 अगस्त 2026 के बीच निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। इसके उपरांत पूरे प्रदेश से तीन सर्वश्रेष्ठ पीएम श्री विद्यालय तथा तीन सर्वश्रेष्ठ वरिष्ठ माध्यमिक मॉडल संस्कृति विद्यालयों का चयन किया जाएगा।
विजेता विद्यालयों को वर्ष 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। साथ ही संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा विद्यालयों के प्राचार्यों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
