New Elevated Road : जाम से मिलेगी राहत, यहां बनेंगे 2 एलिवेटेड रोड व 1 ओवरब्रिज
दो एलिवेटेड रोड
दिल्ली में जाम की बढ़ती समस्या का हल निकालने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) दो एलिवेटेड रोड और एक ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है. PWD अधिकारियों के अनुसार, बाहरी दिल्ली के इलाकों को मध्य दिल्ली से जोड़ने के लिए PWD भलस्वा से NH-1 तक एलिवेटेड रोड बनाने की प्लानिंग कर रही है. इसको बनाने पर विचार करने का मकसद बाहरी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात का दबाव कम करना है.
एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव
इसी तरह पश्चिमी दिल्ली और बाहरी और मध्य दिल्ली के बीच आवागमन सही करने के लिए जखीरा से आनंद पर्वत औद्योगिक क्षेत्र तक एक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है. साथ ही मुकरबा चौक अंडरपास को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर तक बढ़ाते हुए एक रोड ओवर ब्रिज बनाया जाएगा.
नई-नई योजनाओं पर विचार
दिल्ली में BJP सरकार के आने के बाद सड़कों से जाम को खत्म करने के लिए नई-नई योजनाओं पर विचार चल रहा है। बीते गुरुवार को सीएम रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट, आउटर रिंग रोड के पास लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फुटओवर ब्रिज (FOB) का शिलान्यास किया था.
फुट ओवर ब्रिज
दिल्ली में लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में बनने वाले फुट ओवर ब्रिज को लेकर सरकार ने इसे वहां के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में अहम कदम बताया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के बनने से लद्दाख बुद्ध विहार और मोनेस्ट्री मार्केट के बीच आने-जाने वाले लोगों को सड़क पार करने में सुरक्षित और आसान सुविधा मिलेगी, जिससे इलाके में आवागमन पहले से ज्यादा सुगम हो सकेगा.
सरकार के अनुसार इस फुट ओवर ब्रिज का डिजाइन स्थानीय लद्दाखी वास्तुकला को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य यह है कि यह संरचना आधुनिक सुविधाओं से लैस होने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाए. पुल में लिफ्ट की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गर्भवती महिलाओं को सड़क पार करने में विशेष सहूलियत मिल सकेगी.
