New Bus Stand : यहां बनेगा नया रोडवेज बस अड्डा, आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
वर्तमान में यह स्थान बस अड्डा निर्माण के लिए चिह्नित किया गया है। नए बस स्टैंड के निर्माण से यात्रियों को बैठने की बेहतर व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, पार्किंग सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही बसों के आवागमन और संचालन की व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।
इस मंत्री ने किया निरीक्षण
गुरुवार को ऊर्जा राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने प्रस्तावित बस स्टैंड स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से बस अड्डे के निर्माण से जुड़ी योजनाओं तथा प्रस्तावित सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बस अड्डे को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के निर्देश भी दिए।
सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
प्रभारी मंत्री नागर ने कृषि विपणन बोर्ड और परिवहन विभाग के अधिकारियों को बस स्टैंड निर्माण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जिले के लोगों को बेहतर और आधुनिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत बूंदी में नए रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक प्रस्ताव जल्द तैयार कर राज्य सरकार को भेजे जाएं, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बस अड्डे का निर्माण कार्य जल्द से जल्द धरातल पर शुरू हो और आमजन को इसका लाभ मिल सके। नए बस अड्डे के बनने से शहर में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी और यात्रियों को लंबी दूरी की बसों के लिए अधिक सुविधाजनक व्यवस्था मिल पाएगी।
