हिसार, हांसी, बरवाला व नारनौंद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 19,666 मामलों का हुआ निपटारा
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, हिसार के सीजेएम एवं सचिव श्री अशोक कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल नौ बेंच स्थापित की गई थीं। इनमें एडीजे खत्री सौरभ, एडीजे मंगलेश कुमार चौबे, अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश, (फैमिली कोर्ट) ईशा खत्री, जेएमआईसी जसप्रीत कौर, जेएमआईसी सचिन सिंघल, जेएमआईसी प्रिया अग्रवाल, जेएमआईसी तथा हांसी में जेएमआईसी तरुण चौधरी, बरवाला में एसडीजेएम राकेश कुमार, तथा नारनौंद में जेएमआईसी आशीष वर्मा की अध्यक्षता में बेंचों ने मामलों की सुनवाई की।
उन्होंने बताया कि मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) के 23 मामलों में से 11 मामलों का निपटारा करते हुए कुल 70 लाख 29 हजार 500 रुपये के क्लेम पास किए गए।
इसके अतिरिक्त एनआई एक्ट 138 से संबंधित 611 मामलों में सभी 611 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं समरी चालान के कुल 7548 मामलों में से 7476 मामलों का निपटारा किया गया।
सीजेएम एवं सचिव अशोक कुमार ने कहा कि लोक अदालत विवादों के समाधान का सबसे सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है। लोक अदालत में निपटाए गए मामलों के विरुद्ध कोई अपील नहीं की जा सकती, जिससे पक्षकारों को त्वरित न्याय मिलता है और समय व धन दोनों की बचत होती है।
उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 20,232 मामलों को सूचीबद्ध किया गया था, जिनमें से 19,666 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे लोक अदालतों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान करें।
