शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आज होगी मॉक एक्सरसाइज

 


सिरसा, 05 अगस्त।
नागरिक सुरक्षा विभाग सिरसा की ओर से आपदा प्रबंधन और विभागों के बीच समन्वय संबंधी तैयारी परखने के लिए वीरवार को सुबह 11 बजे शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सिरसा में मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य नागरिक सुरक्षा तंत्र एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण तथा उसे और अधिक प्रभावी बनाना है। मॉक एक्सरसाइज में हवाई हमले के बाद बिल्डिंग गिरने पर राहत एवं बचाव कार्य संबंधी तैयारियां परखी जाएगी। चेतावनी स्वरूप सायरन बजाया भी जाएगा, जिसके बाद सभी संबंधित विभाग, स्वयंसेवक और नागरिक निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करेंगे। अभ्यास के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत एवं बचाव कार्य तथा आपातकालीन सेवाओं के समन्वय देखा जाएगा। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को किसी भी आपदा या आपात स्थिति के दौरान सतर्क रहने, घबराहट से बचने और सही तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए जागरूक करना है। मॉक एक्सरसाइज के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए है।