Love Affair : दो बच्चों की मां का Facebook वाला प्यार, जिद करने पर पति ने प्रेमी से करवा दी शादी

 
Facebook love of a mother of two children
Love Affair : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से प्रेम-प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां दो बच्चों की मां ने अपनी उम्र से दो साल छोटे प्रेमी संग मंदिर में शादी रचा ली। युवती कोतवाली में ही अपने पति के सामने प्रेमी संग शादी करने की जिद पर अड़ गई थी। काफी समझाने के बाद पति ने महिला को प्रेमी के सिपुर्द करते हुए कहा कि अब इसके संग ही रहना। बताया जा रहा है कि इन दोनों की दोस्ती फेसबुक से हुई थी। 

तीन साल पहले हुई थी पहली शादी 

आपको बता दें कि मुजफ्फरनगर के पीनना गांव निवासी 23 वर्षीय सोनी की शादी तीन साल पहले सहारनपुर के देवबंद के गांव जड़ौदा जट के पीरू के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। महिला अनुसूचित जाति से है। महिला की करीब एक साल पूर्व बागपत कोतवाली के अग्रवाल मंडी टटीरी के कश्यप बिरादरी के 21 वर्षीय हरीश से फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हो गई थी। दोनों की मोबाइल काल पर बात होने लगी। 

दोनों में प्रेम प्रसंग इतना बढ़ा कि महिला अपने पति और बच्चों को छोड़कर तीन बार प्रेमी के घर पहुंची और संग रहने की जिद पर अड़ गई। हरीश के स्वजन ने हर बार समझा-बुझाकर वापस भेजा। इसके बाद भी उन दोनों की मोबाइल पर बातचीत जारी रही।

मंगलवार सुबह महिला सोनी एक बार फिर ट्रेन में सफर कर प्रेमी के घर पहुंची, कहा कि अब वापस नहीं जाएगी। थोड़ी देर बाद ही महिला का पति पीरू और मायकेवाले वहां पहुंच गए। उनके बीच काफी नोकझोंक हुई। पीरू ने पुलिस को फोन करके बुलाया।

पुलिस महिला के प्रेमी हरीश को कोतवाली ले गई। महिला भी वहां पर पहुंची और प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई। महिला का पति एवं अन्य लोग कोतवाली पहुंचे। युवक के परिवार की महिलाएं भी पहुंच गईं। पुलिस ने घंटों उनका सुलह-समझौते का प्रयास किया, लेकिन महिला व उसका प्रेमी एक साथ रहने की जिद पर अड़े रहे।

इसके बाद पति पीरू ने अपनी पत्नी को यह कहते हुए प्रेमी के सिपुर्द कर दिया कि अब इसी के साथ रहना...। यह बोलकर महिला का पति और अन्य लोग वापस घर लौट गए। इसके बाद युवक के स्वजन ने कोतवाली में ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।

उन दोनों ने अपनी मर्जी से साथ रहने की इच्छा जाहिर करते हुए पुलिस को लिखकर दे दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्जी के अनुसार जाने दिया। देर शाम उन दोनों ने कस्बे के ही मंदिर में शादी रचाई। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि शादीशुदा महिला की युवक से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी, वह दोनों एक साथ रहना चाहते हैं। यह लिखकर पुलिस को देकर चले गए।